देहरादून में बीच सड़क बवाल: 8 लोगों को कुचलने की कोशिश, 4 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात धर्मावाला चौक पर बीच सड़क जमकर हंगामा और हिंसा का मामला सामने आया है। यहां दो कारों में सवार 15 से ज्यादा युवकों के बीच करीब 43 सेकेंड तक मारपीट होती रही, जिसका वीडियो भी अब सामने आया है। इस दौरान एक कार चालक ने कई लोगों को कुचलने की कोशिश कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सफेद कार सवार युवक ने पहले गाड़ी के सामने खड़े दो लोगों को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद उसने कार को बैक करते हुए पीछे खड़े एक अन्य युवक को भी टक्कर मार दी। वहीं दूसरी ओर काली कार के पास कुछ युवक एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब रविंद्र नाम का व्यक्ति अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने मारपीट होती देख गाड़ी रोककर कारण पूछने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जब अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कई लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की।
घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार (UP37L7421) को भी सीज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकराम (36) निवासी धर्मावाला, विशाल गोयल (32) निवासी शाहपुर धर्मावाला, शाहरुख (26) और अरशद (26) निवासी प्रतीतपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपी सहसपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
विकासनगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक सिंह कुटियाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर सहसपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।








