नंदा गौरा योजना के तहत 33,251 बेटियों को ₹145.93 करोड़ की सहायता, सीएम धामी ने डीबीटी से जारी की राशि

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी नंदा गौरा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 बालिकाओं को कुल ₹145.93 करोड़ की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाभार्थियों को यह सहायता प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नंदा गौरा योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। वर्ष 2017 से संचालित यह योजना बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, बाल विवाह पर रोक लगाने और बेटियों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी साबित हुई है।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत बालिका के जन्म पर ₹11,000 की सहायता राशि दी जाती है, जबकि 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने पर ₹51,000 की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। इस सहायता से बेटियां आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लैंगिक असमानता को दूर करने और कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। नंदा गौरा योजना इसी सोच का परिणाम है, जो बेटियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में विभागीय निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक मोहित चौधरी, नोडल अधिकारी उदय प्रताप सिंह, जितेंद्र कुमार, नीतू फुलेरा, शिखा कंडवाल, शिवप्रसाद भट्ट और सुरेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
📊 जिलेवार लाभार्थियों का विवरण
जनपद
जन्म पर लाभार्थी
12वीं उत्तीर्ण लाभार्थी
अल्मोड़ा
643
2963
बागेश्वर
240
1167
चमोली
196
1761
चम्पावत
285
1410
देहरादून
678
2637
नैनीताल
1012
3196
पौड़ी
227
1990
पिथौरागढ़
243
1936
रुद्रप्रयाग
172
1235
टिहरी
485
2775
ऊधमसिंहनगर
1372
4772
उत्तरकाशी
360
1496
कुल जन्म पर लाभार्थी: 5,913
कुल 12वीं उत्तीर्ण लाभार्थी: 27,338
कुल लाभार्थी: 33,251
कुल वितरित धनराशि: ₹145.93 करोड़
राज्य सरकार की इस पहल को बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में शिक्षा और समानता को बढ़ावा मिल रहा है।








