पूर्व राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने समाजसेवी किरण डालाकोटी की माता स्वर्गीय पार्वती देवी के निधन पर जताया शोक

लालकुआं न्यूज़– पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी की सास एवं पूर्व बीडीसी सदस्य व समाजसेवी किरण डालाकोटी की माता पार्वती देवी का बीते 2 फरवरी को 86 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
निधन की सूचना मिलने पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने गौलापार स्थित शोकाकुल परिवार के आवास पर पहुंचकर परिजनों से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि पार्वती देवी धार्मिक, सरल एवं संस्कारवान व्यक्तित्व की धनी थीं। उनका जीवन पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना से परिपूर्ण रहा, जो समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की तथा परिवार को ढांढस बधाया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक भी गौलापार स्थित आवास पर मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
फोटो परिचय: गौलापार स्थित आवास पर शोकाकुल परिवार से भेंट कर संवेदना व्यक्त करते पूर्व राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी।








