हिमालयी व्यंजनों की आधुनिक प्रस्तुति के टिप्स दिए

लालकुआं न्यूज़– ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में आयोजित विशेष पाक कला कार्यक्रम में सेलिब्रिटी शेफ एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भूपेंद्र सिंह रावत ने छात्रों को हिमालयी व्यंजनों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करने के गुर सिखाए।
होटल एवं हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शेफ भूपेंद्र सिंह रावत ने लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से पारंपरिक हिमालयी व्यंजनों की आधुनिक सजावट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति की जानकारी दी। उन्होंने पाक कला के क्षेत्र में कंटेंट निर्माण और टिकाऊ भोजन पद्धति के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर निदेशक डॉ एम सी लोहनी ने कहा कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए होटल प्रबंधन प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम निशुल्क संचालित किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम हल्द्वानी और देहरादून दोनों परिसरों में उपलब्ध रहेगा तथा इसमें औद्योगिक प्रशिक्षण भी शामिल होगा।
कार्यक्रम में शिक्षक, अतिथि और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। अंत में शेफ भूपेंद्र सिंह रावत को सम्मानित किया गया तथा पारंपरिक हिमालयी व्यंजनों से सजे विशेष भोजन का आयोजन किया गया।








