देहरादून में हैवानियत की हदें पार: युवक को बंधक बनाकर करंट लगाया, गर्म रॉड से दागा, गुप्तांग में पेचकस घुसाने का आरोप

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और अमानवीय घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने एक युवक को पहले सड़क पर टक्कर मारकर बुरी तरह पीटा, फिर उसे बंधक बनाकर निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित एक दुकान में ले गए। वहां उसके साथ घंटों तक क्रूरता की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उसे करंट लगाया, गर्म लोहे की रॉड से दागा और उसके गुप्तांग में पेचकस घुसा दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, जाखन निवासी पीड़ित युवक ने शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की शाम वह लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सवार अंकुर वाल्मीकि ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अंकुर और उसका साथी साहिल युवक से गाली-गलौज करने लगे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने उसे दांतों से भी कई जगह काटा।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों उसे जबरन बंधक बनाकर निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित दुकान नंबर 106 में ले गए। वहां उसके साथ घंटों तक बेरहमी की गई। आरोपितों ने उसे करंट लगाया, गर्म लोहे की रॉड से दागा और उसके गुप्तांग में पेचकस घुसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने उसे देर रात करीब तीन बजे तक बंधक बनाकर रखा। किसी तरह मौका मिलने पर वह वहां से भाग निकला और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल दून अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।








