हरिद्वार में युवक पर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाकर मारपीट, गले में कुत्ते का पट्टा डाल खंभे से बांधा; पुलिस ने भीड़ से बचाया

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित गणपति धाम में रविवार को एक युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती से मिलने पहुंचे युवक पर कुछ लोगों ने ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की, गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे खंभे से बांध दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हरियाणा से दोस्त से मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से हरियाणा के करनाल निवासी शादाब वर्तमान में हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक अस्पताल में कार्यरत है। रविवार को वह कनखल के गणपति धाम क्षेत्र में अपनी परिचित युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं और कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं।
मारपीट का आरोप, गले में पट्टा डालकर खंभे से बांधा
आरोप है कि युवक के वहां होने की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक पर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे सड़क किनारे एक खंभे से बांध दिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई।
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर कराया इलाज
घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया तथा मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, इस मामले में युवती की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: इस मामले में ‘लव जिहाद’ का आरोप कुछ लोगों द्वारा लगाया गया है। इसकी पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।








