तीनपानी–लालकुआँ हाईवे पर बढ़ी सुरक्षा, हादसे रोकने के लिए लगाए गए हाईमास्ट लाइट, कन्वैक्स मिरर और चेतावनी बोर्ड

हल्द्वानी न्यूज़- तीनपानी से लालकुआँ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. वाजपेई के निर्देशों के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाईवे पर कई महत्वपूर्ण सुरक्षा कार्य पूरे कर लिए हैं।
दरअसल, 4 जुलाई को नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। इस दौरान परियोजना निदेशक NHAI रुद्रपुर, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हल्द्वानी और पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी भी मौजूद रहे। निरीक्षण में रेलवे ओवरब्रिज तीनपानी के नीचे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कन्वैक्स मिरर, सर्विस रोड पर रंबल स्ट्रिप व थर्मोप्लास्ट मार्किंग तथा आवश्यक दिशा-सूचक और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के अनुपालन में NHAI ने रेलवे ओवरब्रिज तीनपानी के नीचे उच्च गुणवत्ता की प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर दी है। साथ ही कन्वैक्स मिरर लगाए जा चुके हैं। रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर रंबल स्ट्रिप और थर्मोप्लास्ट मार्किंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक और चेतावनी संकेतक बोर्ड भी स्थापित कर दिए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर समय निर्बाध प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए NHAI ने चार डीजी सेट भी खरीदे हैं, जिनका ट्रायल चल रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में इन्हीं डीजी सेटों के माध्यम से पूरे हाईवे की लाइटें संचालित की जाएंगी, जिससे रात के समय यात्रियों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, रात्रि में अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी स्थिति में गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।








