उत्तराखंड में मई में मानसून जैसे हालात, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट; तेज बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी परेशानी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मई महीने में ही मानसून जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
राजधानी देहरादून में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और घने बादलों के बीच तेज बौछारें पड़ीं। बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली और मौसम ठंडा हो गया। वहीं, मसूरी समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई।
चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम लगातार खराब बना हुआ है। बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर झमाझम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है। विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर भी पड़ सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।








