मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी विवाद खत्म: 12 मांगें मानी गईं, श्रमिकों ने तोड़ा अनशन; उपद्रवियों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र स्थित मदरसन कंपनी में चल रहा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विवाद मंगलवार को आखिरकार समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस की संयुक्त मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी, जिसके चलते श्रमिकों ने अपना अनशन खत्म कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।

मामले में पुलिस, एसडीएम, श्रम विभाग के अधिकारियों, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। इस वार्ता के दौरान श्रमिकों द्वारा रखी गई 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया गया है।
समझौते के बाद सभी श्रमिक काम पर लौट गए हैं और फैक्ट्री में कार्य सुचारू रूप से शुरू होने जा रहा है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अब उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने श्रमिकों के धैर्य और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही, जो सराहनीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन श्रमिकों की जायज मांगों के समाधान के लिए हमेशा साथ खड़ा है।

वहीं, पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि श्रमिकों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार कुछ बाहरी तत्व कंपनी में तोड़फोड़ और हिंसा भड़काने की साजिश रच रहे थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस ने बैरियर तोड़ने, पुलिस कार्य में बाधा डालने और मजदूरों को उकसाने के आरोप में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने दोहराया कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी हालत में अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।








