उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी मंडी में हुए डबल मर्डर का नैनीताल पुलिस ने किया 6 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

शराब पार्टी में छेड़खानी का विरोध बना हत्या की वजह, पहचान छिपाने को पत्थर से कुचले सिर

हल्द्वानी न्यूज– बड़ी मंडी क्षेत्र में गुरुवार सुबह मिले युवक और युवती के शवों के मामले में नैनीताल पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

सुबह मिली थी सूचना
दिनांक 12 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल- आज इन राशि वालों की बाधाएं होंगी दूर, पढ़ें दैनिक राशिफल

 

मृतकों की पहचान
दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई।

 

मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर नंबर 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। बात बढ़ने पर झगड़ा हुआ और आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(बड़ी खबर) यहाँ प्रशासन की झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्यवाही, तीन क्लिनिक सील, नोटिस देने के साथ लगाया जुर्माना

 

घटना छिपाने के लिए लक्ष्मी की भी हत्या कर दी गई और पहचान मिटाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।

 

गिरफ्तार आरोपी
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20) निवासी तीनपानी, हल्द्वानी
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
दीपेश लटवाल उर्फ राज (25) निवासी बड़ी मुखानी, हल्द्वानी

 

 

बरामदगी
हत्या में प्रयुक्त पत्थर
मोबाइल फोन
गौरव और दीपू के खून से सने कपड़े
मुख्य आरोपी आदतन अपराधी
मुख्य आरोपी गौरव नेगी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ सड़क नहीं बनने के कारण पांच किमी डोली और सौ किमी गाड़ी से सफर करने के बाद मिला इलाज, लोगों में नाराजगी

 

 

दीपेश लटवाल के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत 3 मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस सनसनीखेज डबल मर्डर के खुलासे से क्षेत्र में फैली दहशत कम हुई है, जबकि पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।