उत्तराखण्डकुमाऊं,

नानकमत्ता में पुलिस दबिश के दौरान वृद्धा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन

सितारगंज/नानकमत्ता– ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक 80 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव को कोतवाली गेट पर रखकर धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कोतवाली का गेट बंद करना पड़ा और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस पाक्सो एक्ट के आरोपी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए ग्राम सिद्धा नवदिया में दबिश देने पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करते हुए पूछताछ करने लगे। इसी दौरान 80 वर्षीय सुखदेव कौर बाहर आईं, जहां कथित धक्का-मुक्की में वह गिर गईं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- रामपुर रोड पर कल पूरी रात बंद रहेगा ट्रैफिक

 

 

परिजनों का कहना है कि वृद्धा के गिरने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और उनकी हालत को नजरअंदाज किया। करीब 15 मिनट बाद उन्हें नानकमत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

परिजनों ने यह भी दावा किया कि जिस किशोरी को भगाने का आरोप था, उसे पहले ही बरामद कर पुलिस को सौंपा जा चुका था और आरोपी को परिवार ने बेदखल कर दिया था। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई को उन्होंने अनावश्यक और उत्पीड़नपूर्ण बताया।

 

📍 कोतवाली गेट पर हंगामा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण शव को लेकर नानकमत्ता कोतवाली पहुंच गए और गेट पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठी। हालात बिगड़ते देख किच्छा, सितारगंज, खटीमा और पुलभट्टा थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल को मौके पर बुलाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- (मौसम अपडेट) उत्तराखंड में अचानक पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, इन जिलों में 3 घंटे होगी झमाझम बरसात

 

👥 नेताओं और अधिकारियों का हस्तक्षेप
सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक गोपाल सिंह राणा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं एसओजी इंचार्ज उमेश कुमार और अन्य अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

 

सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वृद्धा का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में गैस सिलेंडर संकट पर सरकार अलर्ट, USDMA ने 24 घंटे निगरानी के लिए आपातकालीन टीम तैनात की

 

⚖️ पुलिस का पक्ष
एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में धक्का-मुक्की की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए और धरना समाप्त किया गया। वहीं मृतका के परिजन लखविंदर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।