उत्तराखण्डगढ़वाल,

एक साल पहले चोरी हुए डायमंड गहनों का खुलासा: नौकरानी के WhatsApp स्टेटस ने खोला राज, मालकिन ने ऐसे पकड़ा चोर

देहरादून न्यूज़- देहरादून के पॉश इलाके जाखन में एक साल पहले चोरी हुए लाखों रुपये के डायमंड और सोने के गहनों का हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। जिस नौकरानी पर कभी शक हुआ था, उसी ने चोरी के गहने पहनकर इंस्टाग्राम रील्स बनाई और व्हाट्सएप स्टेटस लगाया। स्टेटस पर गहने देखते ही मालकिन ने उन्हें पहचान लिया, स्क्रीनशॉट लिए और पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से कुछ गहने भी बरामद कर लिए हैं।

 

 

एक साल पहले घर से गायब हुए थे लाखों के गहने

जानकारी के अनुसार, जाखन स्थित दून रिपब्लिक अपार्टमेंट निवासी नितिशा वत्स के घर से करीब एक साल पहले दो डायमंड की अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक डायमंड हार्ट पेंडेंट गायब हो गया था। काफी तलाश के बावजूद गहनों का कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें 👉  यहाँ हरिद्वार आ रही यात्रियों से भरी यूपी रोडवेज की बस नदी के रपटे में फंसी, जेसीबी में बैठाकर निकाले गए सभी यात्री।

 

 

नौकरानी पर हुआ शक, लेकिन चालाकी से जीत लिया भरोसा

गहने गायब होने के बाद नितिशा को अपनी तत्कालीन नौकरानी विमला देवी पर शक हुआ। पूछताछ करने पर विमला ने खुद पुलिस के पास चलने की बात कहकर ऐसा भरोसा जताया कि नितिशा का संदेह कम हो गया। आखिरकार उन्होंने यह मान लिया कि शायद उन्होंने ही गहने कहीं रखकर भूल गई हों और मामला वहीं दब गया।

 

 

इंस्टाग्राम रील और WhatsApp स्टेटस से खुला राज

समय बीतने के बाद नितिशा आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन्स अपार्टमेंट में शिफ्ट हो गईं। 29 जून 2026 की सुबह सोशल मीडिया देखते समय उनकी नजर पूर्व नौकरानी विमला देवी की इंस्टाग्राम रील्स और व्हाट्सएप स्टेटस पर पड़ी। रील्स में विमला वही सोने की चेन और डायमंड हार्ट पेंडेंट पहनकर नजर आ रही थी, जो एक साल पहले चोरी हुए थे। गहनों को देखते ही नितिशा ने उन्हें पहचान लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- नैनीताल-टिहरी समेत इन सीटों पर जीत का अंतर बढ़ा, बीजेपी को बढ़त

 

 

स्क्रीनशॉट और बिल लेकर पहुंचीं पुलिस के पास

नितिशा ने तुरंत व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील्स के स्क्रीनशॉट सुरक्षित किए। इसके बाद गहनों के पुराने खरीद बिल निकाले और 29 जून की शाम जाखन पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को सभी सबूत भी सौंप दिए।

 

 

महिला स्टाफ की कमी से कार्रवाई में हुई देरी

शिकायत के बाद भी करीब तीन दिन तक आरोपी महिला को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया जा सका। नितिशा का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि चौकी प्रभारी देहरादून से बाहर हैं और महिला कॉन्स्टेबल उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इसी दौरान आरोपी के पिता का फोन आने पर उन्हें आशंका हुई कि कहीं गहने बेच न दिए जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में 10 हजार राशन कार्ड निरस्त, ई-केवाईसी न कराने पर बंद हुआ मुफ्त राशन वितरण

 

 

मुकदमा दर्ज, आरोपी महिला गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने 1 जुलाई की रात भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के कुछ गहने भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।