नैनीताल- जिले में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, कक्षा 1 से 8 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नैनीताल न्यूज़– मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 को जनपद नैनीताल में कहीं-कहीं वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। वर्तमान समय में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्रशासन के आदेशानुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र शनिवार को शैक्षणिक कार्यों के लिए बंद रहेंगे। आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।









