उत्तराखंड में भीषण ठंड का कहर: देहरादून समेत छह जिलों में शीत दिवस का ऑरेंज अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में भीषण शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून के साथ ही हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जनपद के कुछ हिस्सों में दिनभर ठंड और घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी जिलों में शीतलहर और कोहरे के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो सकता है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, पर्वतीय जिलों की बात करें तो उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं। खासतौर पर 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे इन इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि 30 और 31 दिसंबर को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से आवश्यक एहतियात बरतने और यात्रा के दौरान सावधानी रखने की अपील की है।








