रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप हत्याकांड का खुलासा: चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सामने आई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में मिले उत्तर प्रदेश निवासी युवक की हत्या चोरी के शक में बेरहमी से पीट-पीटकर की गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे भी बरामद कर लिए हैं।
उधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर ढाल के पास एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा हुआ है। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दीपक इंडस्ट्रीज के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान मूल रूप से ग्राम मर्थुवा सरैय्या, थाना महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) निवासी एवं वर्तमान में आजादनगर वार्ड तीन, रुद्रपुर में रहने वाले 42 वर्षीय पप्पू वर्मा पुत्र फतेह बहादुर वर्मा के रूप में हुई। शव के आंख, बाएं कंधे और दाहिने हाथ पर गंभीर चोट व रगड़ के निशान पाए गए थे। मृतक के दामाद पवन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन युवक मृतक के साथ दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि रविवार रात पप्पू वर्मा एक गोदाम में घुस गया था, जहां फोम की मैट रखी हुई थीं। चोरी के शक में उन्होंने बांस के डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी योगेश पाण्डे पुत्र विनय कुमार पाण्डे, सुजीत सरोज पुत्र कमलेश और अबू तालीब पुत्र मोहम्मद वकील, तीनों निवासी हनुमान ढाल शिमला बहादुर, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।








