हल्द्वानी में स्कूल गेट के बाहर चाकूबाजी, छठी के छात्र ने आठवीं के सीनियर पर किया हमला, सिर में 12 टांके

हल्द्वानी न्यूज़– बनभूलपुरा क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छठी कक्षा के एक छात्र ने आठवीं कक्षा के सीनियर छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में आठवीं के छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव के दौरान उसके दाएं हाथ की दो उंगलियां भी कट गईं।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र गेट के बाहर जमा थे, इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, गौलापार निवासी 11 वर्षीय छठी कक्षा के छात्र का स्कूल के अन्य छात्रों से पिछले एक-दो दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो छुट्टी के बाद फिर सामने आ गया।
बीच-बचाव करने पर हुआ हमला
विवाद बढ़ता देख बनभूलपुरा निवासी आठवीं कक्षा का छात्र बीच-बचाव में उतरा। इसी दौरान छठी कक्षा के छात्र ने अपने पास मौजूद चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में आठवीं के छात्र के सिर पर गहरा घाव हो गया और दाएं हाथ की दो उंगलियां कट गईं। वहीं, चाकू से हमला करने वाले छात्र के हाथ में भी चोट आई है।
दोनों घायलों का बेस अस्पताल में इलाज
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायल छात्रों को तत्काल बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां आठवीं कक्षा के छात्र के सिर पर 12 और हाथ में चार टांके लगाए गए। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: पुलिस
पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को बुलाया
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बताया कि घटना स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के बाहर हुई है। दोनों छात्रों के अभिभावकों को सूचना देकर स्कूल बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि छात्र के पास से धारदार हथियार बरामद किया गया है और मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।








