उत्तराखंड में सुबह-सुबह फिर कांपी धरती: इस जिले में 5.02 तीव्रता का भूकंप, एक हफ्ते में दूसरी बार झटके

उत्तराखंड में एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। शनिवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले में 5.02 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे करीब 10 से 15 सेकंड तक धरती कांपती रही। अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप शनिवार सुबह 5:13:17 बजे दर्ज किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.02 मापी गई। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में स्थित था, जबकि इसकी गहराई जमीन से लगभग 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घरों और इमारतों में कंपन साफ तौर पर महसूस किया गया, लेकिन किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले 5 अप्रैल को बागेश्वर जिले में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उस समय सुबह 11:47:08 बजे आए भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई थी। इसका केंद्र 30.047 उत्तरी अक्षांश और 79.901 पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के भूकंप आना सामान्य प्रक्रिया है। हालांकि, बार-बार आ रहे झटके लोगों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने का संकेत देते हैं।








