मुख्यमंत्री की अपील का दिखा असर: नैनीताल में मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही अदा हुई बकरीद की नमाज
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन की सतर्कता से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व

नैनीताल न्यूज़– उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा बकरीद पर्व के अवसर पर सड़कों के बजाय मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही नमाज अदा करने की अपील का नैनीताल जिले में व्यापक असर देखने को मिला। पूरे जिले में मुस्लिम समुदाय ने प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए पूरी आस्था के साथ केवल निर्धारित स्थलों पर ही नमाज अदा की।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखी। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय मुस्लिम धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया, जिसका सकारात्मक परिणाम पूरे जिले में देखने को मिला।
विशेष रूप से हल्द्वानी के संवेदनशील बनभूलपुरा क्षेत्र में इस बार अनुशासन और सौहार्द की नई तस्वीर दिखाई दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व वर्षों में कई स्थानों पर सड़क पर नमाज अदा की जाती थी, लेकिन इस बार प्रशासन और समुदाय के आपसी समन्वय से सभी नमाजी मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही रहे।
रामनगर, नैनीताल, हल्द्वानी समेत जिले के सभी क्षेत्रों में बकरीद का पर्व शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
पुलिस प्रशासन के प्रभावी प्रबंधन और व्यवस्थाओं के चलते नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
— मीडिया सैल, नैनीताल पुलिस








