उत्तराखंड- UKPSC की नई डिजिटल व्यवस्था: अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगा परीक्षा केंद्र का सटीक रास्ता

उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब परीक्षा केंद्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली शुरू की है, जिसके तहत एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।
नई व्यवस्था का लाभ राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा। मोबाइल से QR कोड स्कैन करते ही गूगल मैप पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन और वहां तक पहुंचने का पूरा रास्ता दिखाई देगा। इससे खासकर दूसरे जिलों से आने वाले और पहली बार परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
आयोग ने परीक्षा केंद्रों के लिए डिजिटल पोर्टल भी तैयार किया है। सभी परीक्षा केंद्रों को इस पोर्टल पर केवल एक बार पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद हर नई भर्ती परीक्षा के लिए अलग से पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। केंद्रों का चयन उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षा प्रबंधन अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकेगा।
नई प्रणाली के तहत परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण, स्वीकृति, परीक्षा संबंधी निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां SMS और ई-मेल के माध्यम से स्वतः भेजी जाएंगी। परीक्षा के दिन केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे। इससे कागजी प्रक्रिया में कमी आएगी और परीक्षा संचालन की निगरानी पहले से अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी।
आयोग का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से अभ्यर्थियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ भर्ती परीक्षाओं का संचालन भी अधिक सुचारु और तकनीक आधारित बनेगा।








