तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर पर्यटक की दबंगई, हरियाणा के युवक ने घोड़ा-खच्चर संचालक का फोड़ा सिर, वीडियो वायरल

रुद्रप्रयाग न्यूज़- उत्तराखंड के प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर एक पर्यटक द्वारा स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हरियाणा के यमुनानगर से आए एक युवक ने मामूली बात पर भड़ककर संचालक के सिर पर स्टील के भारी कड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यात्रा मार्ग पर एक स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक ने पर्यटकों को रास्ता दिखाने और गाइड करने का प्रयास किया। इसी दौरान हरियाणा के यमुनानगर निवासी राघव नामक युवक अचानक आक्रोशित हो गया और उसने संचालक के सिर पर हमला कर दिया। हमले में संचालक के सिर पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के दो वीडियो आए सामने
सोशल मीडिया पर वायरल पहले वीडियो में घायल संचालक के सिर पर पट्टी बंधी दिखाई दे रही है, जबकि उसके सिर से खून बहता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर जमीन पर बैठा दिया। वीडियो में लोग उसकी हरकत पर नाराजगी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दूसरे वीडियो में युवक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर निवासी राघव के रूप में बताई जा रही है। वीडियो में स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि युवक ने भारी स्टील के कड़े से हमला कर घोड़ा-खच्चर संचालक को लहूलुहान कर दिया।
हमले में इस्तेमाल हुआ भारी स्टील का कड़ा
वीडियो में कुछ स्थानीय लोग युवक के हाथ में पहने गए भारी स्टील के कड़े को दिखाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि तीर्थस्थलों पर आने वाले कुछ पर्यटक अनुशासनहीनता और हुड़दंग की घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
वीडियो बनते ही छिपाने लगा चेहरा
घटना के दौरान जब आसपास मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी युवक अपना चेहरा छिपाने लगा। वीडियो में वह बाद में सिर पकड़कर बैठा हुआ भी दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंपा
मारपीट की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को घेर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ऊखीमठ पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह लगातार आक्रामक व्यवहार करता रहा।
दो दिन पहले भी सामने आया था हुड़दंग का मामला
गौरतलब है कि इस घटना से दो दिन पहले भी चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से आए कुछ युवकों द्वारा हुड़दंग करने का मामला सामने आया था। वायरल वीडियो में युवक थार वाहन की छत पर चढ़कर नाचते और शोर-शराबा करते दिखाई दिए थे। वहीं कुछ युवक चलती कार की खिड़कियों पर लटककर भी खतरनाक स्टंट करते नजर आए थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने तीर्थस्थलों की गरिमा बनाए रखने तथा उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








