हल्द्वानी में सनसनीखेज हत्या का खुलासा: आर्थिक तंगी और शराब के नशे में बड़े भाई ने छोटे भाई की ली जान, 4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी (नैनीताल)- हल्द्वानी क्षेत्र के बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या का नैनीताल पुलिस ने मात्र 04 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल ने अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की, जिसमें सोनू को गंभीर चोटें आईं और उपचार से पूर्व ही उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड हल्द्वानी द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। उसके छोटे भाई की तबीयत काफी खराब थी और आर्थिक तंगी के चलते इलाज में कठिनाई आ रही थी। इसी तनाव में उसने शराब पी रखी थी और गुस्से में आकर मारपीट कर दी, जिससे उसके छोटे भाई की मौत हो गई।
बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी का विवरण:नाम: संदीप जायसवाल
पिता: स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल
निवास: राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी, नैनीताल
बरामदगी:
- 01 अदद रिवॉल्वर (32 बोर)
- 02 अदद जिंदा कारतूस
- हत्या में प्रयुक्त लोटा
गिरफ्तारी टीम:
विजय सिंह मेहता – प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली हल्द्वानी
रोहताश सिंह सागर – वरिष्ठ उपनिरीक्षक
रविंद्र राणा – प्रभारी चौकी मेडिकल
कृपाल सिंह – चौकी प्रभारी हीरानगर
कांस्टेबल मोहम्मद अजहर
कांस्टेबल जगदीश भंडारी
मीडिया सेल – नैनीताल पुलिस








