उत्तराखंड- यहाँ रॉन्ग साइड से आए ट्रक की टक्कर से 13 वर्षीय छात्र की मौत, बहन गंभीर

हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी से स्कूल जा रहे नाबालिग भाई-बहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में 13 वर्षीय भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा खानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोवर्धनपुर कस्बे में उस समय हुआ, जब प्रहलादपुर गांव निवासी संदीप शर्मा के बच्चे—13 वर्षीय अंशुमन और 12 वर्षीय मीठू—रोज की तरह स्कूटी से लक्सर स्थित एक निजी स्कूल जा रहे थे। स्कूल से करीब दो किलोमीटर पहले ही रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों बच्चे ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अंशुमन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मीठू को इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि अंशुमन परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और ट्रक मालिक को बुलाया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








