उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट की कार ने दो बहनों को कुचला, 3 साल की मासूम की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट माजरा बस्ती में घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, चंडीघाट माजरा बस्ती निवासी राजकिशोर की बेटियां अनिता (5) और सरिता (3) गुरुवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दोनों बहनें उसकी चपेट में आ गईं।
एक मासूम की मौत, दूसरी का अस्पताल में इलाज
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत दोनों बच्चियों को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तीन वर्षीय सरिता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, पांच वर्षीय अनिता गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों ने लापरवाह चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे को अंजाम देने वाली कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे वाहन की पहचान करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







