उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ नशे में धुत युवकों का तांडव, दुकानों-बाइकों को कुचला, बोतलों से हमला, चौकी प्रभारी के स्टार नोचे

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात नशे में धुत दो कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार कार से दुकानों और सड़क किनारे खड़ी बाइकों को टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने दुकानदारों और राहगीरों पर कांच की बोतलों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी बेरहमी से पीटा गया। हालात इतने बिगड़ गए कि सूचना पर पहुंची पुलिस से भी आरोपियों ने हाथापाई कर डाली।

 

घटना डाकपत्थर रोड की है, जहां देर रात अचानक एक अनियंत्रित कार दुकानों की ओर घुस गई। टक्कर से मिट्टी के दीए, फास्ट फूड सेंटर का काउंटर और कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। कार रुकने के बाद उसमें सवार युवक और उग्र हो गए और दुकानदारों से झगड़ा करते हुए कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड डीएलएड परीक्षा- 650 सीटों के लिए 40 हजार से अधिक हुए आवेदन, 30 नवंबर को होगी परीक्षा

 

राहगीरों पर हमला, महिला समेत कई घायल
हमले में संजय यादव की पत्नी रीना यादव घायल हो गईं। इसके अलावा सड़क से गुजर रहे एक बुजुर्ग और अन्य राहगीरों को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवकों का नशा इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा था कि वे किसी की भी सुनने को तैयार नहीं थे।

 

15 लोगों को रोका और पीटा
घटना के बाद जीवनगढ़ निवासी आरोपी अंशुल चौहान और अधिक आक्रामक हो गया। उसने सड़क पर शर्ट उतारकर उत्पात मचाया और राह चलते दोपहिया-चारपहिया वाहन चालकों को रोक-रोककर पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 15 लोगों के साथ मारपीट की गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ छत निर्माण विवाद में चली गोली, भाई समेत तीन पर फायरिंग; आरोपी गिरफ्तार

 

 

पुलिस से हाथापाई, चौकी प्रभारी के स्टार नोचे
सूचना पर पहुंची चीता पुलिस ने दोनों युवकों को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से ही हाथापाई शुरू कर दी। बाद में बाजार चौकी प्रभारी मयंक त्यागी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी अंशुल चौहान ने उनकी वर्दी पर लगे स्टार तक नोच लिए। पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को काबू कर चौकी ले जाना पड़ा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को लात से पीटते हुए भी आरोपी दिखाई दिए।

 

अधिकारियों के पहुंचने पर संभले हालात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर भास्कर लाल शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा और चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर इलाके में हालात को नियंत्रण में लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ जागरण देखने गई नाबालिग किशोरी से दो युवकों ने की दरिंदगी, 1 आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

 

दो शिकायतों पर FIR, मेडिकल जांच
डाकपत्थर रोड निवासी रीना यादव और मंडी चौक निवासी चरणजीत की तहरीर पर पुलिस ने जीवनगढ़ निवासी अंशुल चौहान और पहाड़ी गली निवासी केशव चावला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई है।

 

एसपी देहात विकासनगर पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में FIR दर्ज की गई है और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।