उत्तराखंड- यहाँ दो पक्षों की मारपीट में घायल हुए युवक की इलाज के दौरन हुई मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून न्यूज़- बसंत विहार थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम स्थित नई बस्ती इलाके में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। घटना पांच मार्च की रात की बताई जा रही है। घायल युवक ने इलाज के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार घटना उस समय हुई जब अतुल नाम का युवक रात के समय पड़ोस में रहने वाली एक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि महिला से उसकी पहले से दोस्ती थी। देर रात जब वह महिला के घर के अंदर था, तभी महिला के पति समेत घर के अन्य लोगों ने उसे देख लिया। इस पर महिला के घरवालों ने अतुल को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
शोरगुल सुनकर पास में रहने वाला गिरेंद्र भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी अतुल के साथ मारपीट की। इसके बाद अतुल के घरवाले लाठी-डंडे लेकर महिला के घर पहुंच गए और उन्होंने महिला के परिजनों तथा गिरेंद्र पर हमला कर दिया। इस दौरान गिरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल गिरेंद्र को उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पहले ही मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था। गिरेंद्र की मौत के बाद पुलिस ने धाराएं बढ़ाते हुए गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ दी है।
पुलिस के अनुसार मारपीट में अतुल, गुलशन, रोहन, अंकित, रोशन और मीना के नाम सामने आए हैं। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








