उत्तराखंड- यहाँ बारातियों से भरी बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल

पिथौरागढ़/बैतड़ी- पिथौरागढ़ जिले की सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रात का समय होने और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। हालांकि नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को खाई से निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
दुल्हन लेकर जा रही थी बस, चढ़ाई पर अनियंत्रित हुई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बैतड़ी जिले की पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा जा रही थी। बस संख्या सुप प्र 02-001 ख 1119 जैसे ही पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर चढ़ाई पर पहुंची, तभी वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि बस सीधे खाई में समा गई।
6 की मौके पर मौत, 7 ने अस्पताल में तोड़ा दम
जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल और 2 घायलों ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बजांग और बैतड़ी जिलों के विभिन्न गांवों के पुरुष, महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल है।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक बारातियों को बैठाया गया था। ओवरलोड होने के कारण बस चढ़ाई पर आगे नहीं बढ़ सकी और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में जा गिरी। हादसे में घायल बस चालक विरेन्द्र बुढा (निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
25 डडेलधुरा, 5 धनगढ़ी रेफर
हादसे में घायल 25 बारातियों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि 5 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से दोनों जिलों में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।








