उत्तराखण्डगढ़वाल,
उत्तराखंड- यहाँ 30 वर्षों तक फर्जी दस्तावेज से सरकारी नौकरी का सुख भोगा, अब लग सकती है वाट, उत्तराखंड सिंचाई विभाग में चौंकाने वाला मामला

- 30 साल तक फर्जी दस्तावेजों से नौकरी |
- सिंचाई विभाग के कर्मचारी पर आरोप |
- शिक्षा विभाग को भेजी गई जांच |
रुड़की न्यूज़- सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी फर्जी दस्तावेजों के जरिये 30 वर्ष तक सरकारी नौकरी का सुख भोगते रहे। अब जब सेवानिवृत्त होने की घड़ी आई तो मामला खुल गया। विभाग ने इसकी जांच बैठा दी है। अधिशासी अभियंता ने मामले की जांच के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है।
मामला शाखा सिंचाई परिकल्प संगठन रुड़की का है। पिछले दिनों किसी ने अधिशासी अभियंता से इस मामले की शिकायत की थी। आरोप लगाया गया था कि कर्मचारी ने नियुक्ति के दौरान फर्जी शैक्षिक दस्तावेज जमा किए थे। विभाग ने भी बिना सत्यापन के उसे नौकरी दे दी।
शिकायतकर्ता ने विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में दस्तावेज भी उपलब्ध कराए। यह भी आरोप लगाया कि विभाग ने उसे सरकारी आवास भी आवंटित किया है।
“सिंचाई विभाग परिकल्प के अधिशासी अभियंता नवीन सिंह लक्षपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शैक्षिक प्रमाण में आयु संबधित कमी पाई गई है, जिसे शिक्षा विभाग के पास जांच के लिए भेजा गया है।”
