उत्तराखंड: दो बाइकों की भीषण आमने-सामने टक्कर, 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत; 2 युवक गंभीर घायल

हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली रुड़की क्षेत्र के रुड़की-कलियर मार्ग स्थित बाजूहेड़ी गांव के पास गंगनहर पटरी मार्ग पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:45 बजे दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार से आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गंगनहर पटरी मार्ग पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली और पिरान कलियर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। इनमें से एक बाइक पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि दूसरी बाइक बिना नंबर प्लेट के मिली। हादसे के बाद घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सड़क पर हादसे की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।
कोतवाली रुड़की के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि हादसे में मृत तीनों युवकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त, घायलों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।








