उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड: भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर; ट्रैकिंग पर रोक, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

देहरादून न्यूज़- मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 19 और 21 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 20 जुलाई के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

 

 

अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और आवश्यक एहतियाती उपायों के साथ राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: यहाँ नाबालिग की मांग में सिंदूर भरने के बाद युवक ने किया अप्रत्याशित कदम

 

प्रशासन ने पर्वतीय एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने तथा पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

 

आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों और नोडल अधिकारियों को आईआरएस (Incident Response System) के तहत हाई अलर्ट पर रखा गया है। यदि किसी मोटर मार्ग पर भूस्खलन या अन्य कारणों से बाधा उत्पन्न होती है तो तत्काल जेसीबी मशीनें लगाकर मार्ग खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ बसों की चैकिंग में एआरटीओ का एक्शन, 1 बस सीज, 9 की फिटनेस रद्द, 11 के किये चालान

 

 

पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को सभी आवश्यक उपकरणों और संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा शहरी क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

 

 

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा है कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) और आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने और राहत-बचाव कार्यों के लिए बरसाती, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-18 वर्ष की उम्र होते ही ऐसे घर आ जाएगा आपका पहचान पत्र

 

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित स्थानों की ओर जाने से बचें।

 

आपदा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन 05963-220197, 05963-220196, टोल फ्री नंबर 1077 (बीएसएनएल उपभोक्ताओं के लिए) तथा मोबाइल नंबर 7536827373, 9634912152 और 8859223535 पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।