उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: रील बनाते समय अनियंत्रित हुई कार खाई में गिरी, 15 वर्षीय किशोर की मौत, पांच पर्यटक घायल

कालसी–चकराता स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाल पुल के पास बडोई छानी क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दिल्ली से आए पर्यटक परिवार के एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित संतनगर क्षेत्र के निवासी लीना कपूर (44), शौर्य कपूर (17), सृवाग्य कपूर (10), हेमा चावला (41), मोहित कपूर (33) और वंश चावला (15) चकराता में बर्फबारी देखने आए थे। बर्फबारी देखने के बाद सभी लोग वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार शाम करीब छह बजे जब उनकी कार कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर लाल पुल के समीप बडोई छानी के पास पहुंची, तो अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों और चकराता थाना पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 15 वर्षीय वंश चावला को मृत घोषित कर दिया गया।
कालसी थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पर्यटक बर्फबारी का वीडियो और रील बनाने में व्यस्त थे, इसी दौरान चालक का ध्यान भटक गया और कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। पुलिस ने मृत किशोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
यह हादसा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की एक बार फिर चेतावनी देता है, जहां थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।








