उत्तराखंड मौसम अपडेट: 11 जून से बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी का येलो अलर्ट जारी, पहले बढ़ेगी गर्मी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। जहां पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहेगा, वहीं मैदानी क्षेत्रों में तापमान बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार 11 जून से पहले मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के कारण देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ेगा।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 8 और 9 जून को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जून को भी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब हो सकता है। 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
विभाग ने 11 जून के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा 12 और 13 जून को भी राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। तेज हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।








