उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट; 13 सितंबर तक बरसेंगे बादल

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में तेज बारिश के साथ मौसम खराब रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
हरिद्वार, पौड़ी और उत्तरकाशी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बुधवार को नैनीताल और देहरादून में बारिश दर्ज की गई। वहीं, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग की केदारघाटी में सुबह के समय धुंध छाई रही।
11 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 11 सितंबर को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्यभर में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
12 सितंबर को तीन जिलों में अलर्ट
12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
13 सितंबर को बागेश्वर-पिथौरागढ़ में भारी बारिश
13 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन दोनों जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। वहीं, मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।








