उत्तराखंड: कल जारी होगी नई वोटर लिस्ट, नैनीताल जिले में 7,919 नाम कटने की आशंका; 11,477 नए मतदाता जुड़ेंगे

हल्द्वानी न्यूज़- उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लोगों से प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण और आवेदनों की जांच के बाद निर्वाचन विभाग ने अंतिम डेटा लॉक कर दिया है। अब शनिवार, 3 अक्टूबर को नई मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नैनीताल जिले में इस प्रक्रिया के बाद करीब 7,919 मतदाताओं के नाम सूची से हटने की आशंका है, जबकि 11,477 से अधिक नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने का अनुमान है। इसके साथ ही जिले में मतदाताओं की कुल संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
43,795 लोगों ने किए थे आवेदन
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, नैनीताल जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कुल 43,795 आवेदन प्राप्त हुए थे। ये आवेदन प्रारूप छह, सात और आठ के तहत जमा किए गए थे। इन आवेदनों के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र या अन्य कारणों से नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण संशोधित करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
11,477 से अधिक नए मतदाताओं के नाम जुड़ने का अनुमान
प्रारूप छह के तहत मतदाता सूची में नए नाम दर्ज कराने के लिए 17,043 लोगों ने आवेदन किया था। जांच के बाद 11,477 से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने का अनुमान है, जबकि 1,144 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
7,919 मतदाताओं के नाम हटने की आशंका
प्रारूप सात के तहत मतदाता सूची में दर्ज नामों को हटाने और उन पर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। इस प्रक्रिया के तहत जिले में करीब 7,919 मतदाताओं के नाम हटाए जाने की संभावना है। वहीं, 10,986 आपत्तियां निरस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
5,787 मतदाताओं के विवरण में हुआ संशोधन
प्रारूप आठ के अंतर्गत मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते और अन्य विवरणों में संशोधन या स्थानांतरण के लिए 7,772 मतदाताओं ने आवेदन किया था। इनमें से 5,787 लोगों की जानकारी अपडेट की गई है, जबकि 437 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
अगस्त में आए आवेदनों पर तीन अक्टूबर के बाद कार्रवाई
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, तीनों प्रारूपों के तहत अगस्त में 6,031 लोगों ने आवेदन किए थे। इन आवेदनों पर तीन अक्टूबर के बाद प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी आवेदन संबंधी प्रक्रिया जारी रहने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव से पहले तक मिलेगा मौका
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, नई मतदाता सूची का प्रकाशन शनिवार को किया जाएगा। इसके बाद भी पात्र मतदाताओं को सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिलता रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा।
ऐसे में जिन लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में संशोधन के लिए आवेदन किया था, वे नई सूची जारी होने के बाद अपने नाम और विवरण की जांच जरूर कर लें।








