उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, PA और स्टेनोग्राफर समेत 101 पदों पर भर्ती

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-तृतीय और आशुलिपिक ग्रेड-2/स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के कुल 101 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 14 सितंबर 2026 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवास विभाग में सबसे ज्यादा 22 पद
इस भर्ती में विभिन्न विभागों के पद शामिल किए गए हैं। आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के सबसे अधिक 22 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड वन विकास निगम में 10, आयुक्त कुमाऊं मंडल में आठ, ग्राम्य विकास विभाग में आठ, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में सात, उच्च शिक्षा विभाग में छह और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में पांच पद हैं।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी
यूकेएसएसएससी के सचिव एनएस डुगरियाल के अनुसार आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा।
जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र अनिवार्य किया गया है, उन पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित अनुभव प्रमाण-पत्र भी ऑनलाइन आवेदन के साथ देना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से जांचने की अपील की है।
17 से 19 अक्टूबर तक आवेदन में कर सकेंगे संशोधन
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में संशोधन का भी मौका मिलेगा। आयोग की वेबसाइट पर 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन किया जा सकेगा।
20 दिसंबर को प्रस्तावित है लिखित परीक्षा
यूकेएसएसएससी ने भर्ती की लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 निर्धारित की है। हालांकि परीक्षा की अंतिम तिथि और अन्य जरूरी निर्देशों के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
आवेदन प्रक्रिया या भर्ती से संबंधित किसी तरह की समस्या होने पर अभ्यर्थी आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172 और वाट्सऐप नंबर 9520991174 पर संपर्क कर सकते हैं।






