उत्तराखंड – यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: एसबीआई शाखा प्रबंधक की कार 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, मौके पर मौत

पौड़ी न्यूज़- बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पौड़ी के समीप मांडाखाल में शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एसबीआई की पाबौ शाखा के प्रबंधक संजीव किलानिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पौड़ी और पाबौ क्षेत्र में शोक की लहर है। स्वजन और बैंकिंग सेवा से जुड़े लोग गमगीन हैं।
जानकारी के अनुसार, एसबीआई पाबौ शाखा के प्रबंधक संजीव किलानिया शनिवार रात करीब नौ बजे बैंक में ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी कार से पौड़ी स्थित घर के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, वह घर नहीं पहुंच सके। पौड़ी के समीप मांडाखाल क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
कोतवाल पौड़ी जयपाल नेगी ने बताया कि देर रात तक संजीव किलानिया के घर नहीं पहुंचने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। उनके आवास के निकट पेट्रोल पंप क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि शाखा प्रबंधक रात करीब नौ बजे कार्यालय से निकलने के बावजूद घर नहीं पहुंचे हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली पौड़ी पुलिस, फायर यूनिट पौड़ी और पाबौ पुलिस की टीम ने बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्च अभियान शुरू किया। तलाश के दौरान मांडाखाल के समीप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के संकेत मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम ने खाई में खोजबीन शुरू की।
रेस्क्यू अभियान के दौरान संजीव किलानिया को करीब 150 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, संजीव किलानिया मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे और एसबीआई की पाबौ शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह मई 2026 से पाबौ शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनका परिवार पौड़ी में कोटद्वार रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप रहता था।
एसबीआई पौड़ी के मुख्य शाखा प्रबंधक तरुण जोशी ने बताया कि संजीव किलानिया के निधन से बैंक परिवार भी गहरे सदमे में है। बताया कि वह पत्नी और बेटे के साथ पौड़ी में रह रहे थे। उनके अचानक निधन से स्वजन के साथ ही बैंक कर्मचारियों और परिचितों में शोक व्याप्त है।








