देहरादून में महिलाओं पर घूंसे बरसाने का वीडियो वायरल, बचाव में उतरीं महिलाओं ने युवक को हाईवे पर पटककर पीटा; ईंट-पत्थर भी चले

देहरादून न्यूज़- प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक महिला को घेरकर उसकी पीठ पर घूंसे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। महिला को बचाने के लिए कई महिलाएं मौके पर दौड़कर पहुंचीं और मारपीट में शामिल एक युवक को बीच सड़क पर गिराकर उसकी पिटाई कर दी। विवाद के दौरान ईंट-पत्थर भी चले, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। सड़क पर हुई इस मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिला को घेरकर पीटा
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवकों ने एक महिला को चारों ओर से घेर लिया और उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। महिला पर हमला होता देख आसपास मौजूद महिलाएं उसकी मदद के लिए दौड़ पड़ीं।
बचाव में उतरीं 6 से ज्यादा महिलाएं
महिला को पिटता देख करीब छह से ज्यादा महिलाएं उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने मारपीट में शामिल एक युवक को सड़क पर गिरा दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ गए।
ईंट-पत्थर चले, युवक सड़क पर गिरा
मारपीट के दौरान हिंसा और बढ़ गई। भीड़ में शामिल एक युवक ने ईंट उठाकर दूसरे पक्ष के एक युवक के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद एक अन्य युवक ने भी जोर से ईंट फेंकी, जो एक युवक को लग गई और वह सड़क पर नीचे गिर पड़ा। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
राहगीरों ने बनाया वीडियो
मारपीट की घटना को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रेमनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि विवाद की असली वजह और घटना में घायल हुए लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








