सरकारी नौकरी मांगने पहुंचा व्यक्ति, मंत्री सुबोध उनियाल के सवाल पर खुली शराब पीने की बात! फिर ऐसे समझाया

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के श्रीनगर दौरे के दौरान एक दिलचस्प वाकया सामने आया। मेडिकल कॉलेज में सरकारी नौकरी की मांग लेकर पहुंचे करीब 45 वर्षीय व्यक्ति से मंत्री ने बातचीत के दौरान पूछ लिया कि कहीं उसने नशा तो नहीं किया है। पहले व्यक्ति ने इससे इनकार किया, लेकिन बाद में उसने एक क्वार्टर शराब पीने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मंत्री उसे दोस्ताना अंदाज में समझाते नजर आए।
मेडिकल कॉलेज में नौकरी की मांग लेकर पहुंचा था व्यक्ति
दरअसल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल श्रीनगर दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के संविदा कर्मचारियों समेत अन्य लोगों ने भी उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं।
इसी बीच करीब 45 वर्षीय एक व्यक्ति वहां पहुंचा और मेडिकल कॉलेज में सरकारी नौकरी दिलाने की मांग करने लगा। मंत्री ने उससे पूछा कि क्या वह संविदा कर्मचारी है या किसी अन्य पद पर कार्यरत है। बातचीत के दौरान व्यक्ति के हाव-भाव देखकर मंत्री को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उससे नशा करने को लेकर सवाल पूछ लिया।
पहले किया इनकार, फिर कबूली शराब पीने की बात
मंत्री के सवाल पर व्यक्ति ने शुरुआत में नशा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया कि वह उसे सरकारी नौकरी नहीं दिला सकते, तो भी व्यक्ति किसी न किसी पद पर नियुक्ति दिलाने की मांग पर अड़ा रहा।
इस पर मंत्री ने दोबारा उससे पूछा कि पहले यह बताओ कि उसने नशा तो नहीं किया है। आखिरकार व्यक्ति ने एक क्वार्टर शराब पीने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मंत्री ने उसे दोस्ताना अंदाज में समझाया। कुछ देर बाद अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यक्ति को वहां से बाहर पहुंचाया।
गैरसैंण सत्र और वन्यजीवों के आतंक पर भी बोले मंत्री
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आगामी गैरसैंण विधानसभा सत्र को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत दिए। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पिछले सत्र में जिन विषयों पर चर्चा नहीं हो पाई थी, उन्हें भी इस बार चर्चा के लिए उठाया जाएगा।
मंत्री ने प्रदेश में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को लेकर कहा कि सरकार इस समस्या से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।









