हल्द्वानी में उत्तराखंड हाई कोर्ट शिफ्टिंग की तैयारी तेज, नए परिसर के लिए जमीन की तलाश शुरू

हल्द्वानी न्यूज़- उत्तराखंड हाई कोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने की लंबे समय से चल रही कवायद एक बार फिर गति पकड़ती नजर आ रही है। इस बार रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के निकट क्षेत्र को हाई कोर्ट के नए परिसर के लिए संभावित स्थान के रूप में देखा जा रहा है। शासन और जिला प्रशासन स्तर पर इस संबंध में विभिन्न पहलुओं पर मंथन के साथ शुरुआती प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित स्थल की उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात व्यवस्था, पर्यावरणीय प्रभाव और प्रशासनिक आवश्यकताओं का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और तकनीकी व कानूनी पहलुओं की जांच जारी है। हाई कोर्ट से जुड़ी समिति भी प्रस्तावित क्षेत्र का निरीक्षण कर चुकी है।
गौरतलब है कि इससे पहले हाई कोर्ट को गौलापार क्षेत्र में स्थापित करने की योजना पर गंभीरता से काम हुआ था। भूमि चिह्नीकरण सहित कई प्रक्रियाएं भी आगे बढ़ाई गई थीं, लेकिन वन भूमि और पर्यावरणीय स्वीकृतियों से जुड़े मुद्दों के कारण यह परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
दरअसल, नैनीताल में सीमित भू-क्षेत्र, बढ़ता यातायात दबाव और पर्यटन गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ न्यायिक कार्यों से जुड़े लोगों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ताओं, वादकारियों और अधिकारियों की बढ़ती संख्या के चलते पर्याप्त स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसी वजह से हाई कोर्ट को मैदानी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग समय-समय पर उठती रही है।
यदि बेलबाबा क्षेत्र में हाई कोर्ट परिसर स्थापित होता है तो हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलने की संभावना है। साथ ही रोजगार, व्यापार और आधारभूत ढांचे के विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है।
फिलहाल शासन स्तर पर होने वाले आगामी निर्णयों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। आने वाले समय में इस प्रस्ताव पर क्या फैसला होता है, यह उत्तराखंड की न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।







