हल्द्वानी- “चाचा, बारिश में क्यों भीग रहे हो?”… मुस्कुराए बुजुर्ग और उफनती गौला में लगा दी छलांग

हल्द्वानी न्यूज़- उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश के बीच हल्द्वानी के काठगोदाम में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा ने उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। नदी के तेज बहाव में बहने से उनकी मौत हो गई। घटना से ठीक पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक राहगीर बुजुर्ग से बारिश में भीगने को लेकर बात करता नजर आ रहा है। इसके कुछ ही क्षण बाद बुजुर्ग नदी में कूद जाते हैं।
बारिश में पुल पर खड़े थे बुजुर्ग, राहगीर ने बनाया वीडियो
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम राम सिंह काठगोदाम क्षेत्र में गौला नदी के पुल पर बारिश में भीग रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया। वीडियो में राहगीर बुजुर्ग से पूछता सुनाई देता है, “चाचा, बारिश में क्यों भीग रहे हो?”
इसके बाद बुजुर्ग केवल हल्की सी मुस्कान देते हैं और कोई जवाब नहीं देते। कुछ ही पल बाद वे पुल की दीवार पर चढ़ते हैं और उफनती गौला नदी में छलांग लगा देते हैं।
बुजुर्ग के नदी में कूदते ही मची अफरा-तफरी
राम सिंह के नदी में छलांग लगाते ही राहगीर जोर-जोर से चिल्लाने लगा, “भैया, अभी आदमी ने कूद मार दी गौला में।” उसने सड़क से गुजर रहे ऑटो और स्कूटी सवारों को रोककर घटना की जानकारी देने और मदद लेने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव बेहद तेज था। देखते ही देखते बुजुर्ग तेज धारा में बह गए और आंखों से ओझल हो गए।
गोवा में रिश्तेदार ने वीडियो देखा, फिर परिजनों को दी सूचना
घटना के बाद बुजुर्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि गोवा में रह रहे राम सिंह के एक रिश्तेदार की नजर जब इस वीडियो पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत बिंदुखत्ता में रहने वाले परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन बदहवास हालत में काठगोदाम थाने पहुंचे। वीडियो दिखाए जाने पर उन्होंने बुजुर्ग की पहचान राम सिंह कोरंगा के रूप में की।
करीब एक साल से थे बेरोजगार, घर में हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राम सिंह पहले टैक्सी चलाते थे। करीब एक साल पहले तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने टैक्सी चलाना छोड़ दिया था। इसके बाद से वे बेरोजगार थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद राम सिंह नाराज होकर घर से निकल गए थे। शाम को उन्होंने गौला नदी में छलांग लगा दी।
राम सिंह के परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटा सेना में अग्निवीर है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।
सात किलोमीटर दूर मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम ने गौला नदी में तलाश अभियान शुरू किया। तेज बहाव और बारिश के बीच टीमों ने काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
लगातार तलाश के बाद राम सिंह का शव घटनास्थल से करीब सात किलोमीटर दूर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास नदी के किनारे से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








