उत्तराखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: बापूग्राम, चौवन बग्गा और बिंदुखत्ता के नियमितीकरण की प्रक्रिया होगी तेज, मुख्य सचिव को दिए निर्देश

देहरादून न्यूज़- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में ऋषिकेश स्थित बापूग्राम, चौवन बग्गा और बिंदुखत्ता आरक्षित वन क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मामले पर चर्चा की गई। कैबिनेट ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और आगे की कार्रवाई के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कैबिनेट ने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में मंत्रिमंडल ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि बापूग्राम, चौवन बग्गा और बिंदुखत्ता गांवों के नियमितीकरण की कार्यवाही नियमानुसार आगे बढ़ाई जाए।
सरकार का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कैबिनेट के इस निर्णय से लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अब मुख्य सचिव के स्तर पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे वर्षों से लंबित इस मामले के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








