उत्तराखंड में SIR को लेकर बड़ा अपडेट, 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची; 24.29 लाख नोटिसों पर सुनवाई पूरी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, मतदाताओं को जारी नोटिस, दावे-आपत्तियों और आगे की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख में बदलाव किया है। अब राज्य में अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले SIR से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
24 लाख 30 हजार मतदाताओं को जारी हुए नोटिस
SIR के तहत उत्तराखंड में कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। निर्वाचन विभाग के अनुसार इनमें से 24 लाख 29 हजार से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है। विभाग अब शेष मामलों की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।
वहीं, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर भी सुनवाई चल रही है। बैठक में बताया गया कि इन मामलों में 40 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
समान नाम और फोटो वाले मतदाताओं की भी होगी जांच
SIR की आगे की प्रक्रिया में निर्वाचन विभाग डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री (DSE) और फोटो सिमिलर एंट्री (PSE) मॉड्यूल लागू करेगा। इसके जरिए मतदाता सूची में एक जैसे या मिलते-जुलते विवरण और समान फोटो वाली प्रविष्टियों की पहचान की जाएगी।
जिन मतदाताओं की प्रविष्टियां DSE या PSE की श्रेणी में सामने आएंगी, उन्हें निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा।
राजनीतिक दलों से भी लिए गए सुझाव
बैठक में SIR की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए। निर्वाचन विभाग की ओर से अब तक हुई कार्रवाई, नोटिसों की स्थिति और आगे की प्रक्रिया के बारे में राजनीतिक दलों को जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि SIR के तहत मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








