उत्तराखण्डकुमाऊं,

रामनगर अस्पताल में डिब्बे में बंद जिंदा कोबरा लेकर पहुंचा युवक, सांप के काटने के बाद मचा हड़कंप

नैनीताल जिले के रामनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक जहरीले कोबरा सांप के काटने के बाद इलाज कराने सरकारी अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसके साथ जो नजारा था, उसने अस्पताल में मौजूद हर किसी को दंग कर दिया। युवक उसी जिंदा कोबरा सांप को एक डिब्बे में बंद करके अस्पताल ले आया, जिसने कुछ देर पहले उसे काटा था। युवक को हाथ में कोबरा से भरा डिब्बा लेकर अस्पताल में प्रवेश करते देख मरीजों, तीमारदारों और मेडिकल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।

 

 

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल -(बड़ी खबर) राशन कार्ड धारकों को इस तारीख से पूर्व लेना होगा अब अपना राशन

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का निवासी है। वह पिछले चार से पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा है। अरुण पेशे से टाइल्स लगाने का काम करता है, लेकिन वन्यजीवों के प्रति लगाव के चलते लंबे समय से क्षेत्र में सांपों का रेस्क्यू भी करता आ रहा है।

 

 

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अरुण को एक घर में कोबरा निकलने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचा और काफी सावधानी के साथ सांप को पकड़ने का प्रयास किया। रेस्क्यू के दौरान अचानक कोबरा ने उसके हाथ पर डंस लिया। इसके बावजूद अरुण ने हिम्मत नहीं हारी और सांप को सुरक्षित तरीके से डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद वह सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- राज्य में इतने शिक्षक मिले शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार, अब होगी अनिवार्य सेवानिवृत्ति

 

 

अस्पताल में युवक के हाथ में बंद डिब्बे में जिंदा कोबरा होने की जानकारी मिलते ही कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने तुरंत युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए उसकी स्थिति की निगरानी शुरू कर दी। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भी सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- ऑपरेशन मर्यादा के तहत भीमताल पुलिस ने नदी में नहाते हुए हुडदंग मचा रहे 15 लोगों के खिलाफ़ की कार्यवाही

 

 

डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण युवक का इलाज तत्काल शुरू कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को जहरीला सांप काट ले तो बिना देरी किए तुरंत अस्पताल पहुंचें और स्वयं जोखिम उठाने से बचें।