उत्तराखण्डगढ़वाल,

बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामला: BKTC के निलंबित PA प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, CCTV फुटेज बनी सबसे बड़ा सबूत

बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें 12 जुलाई की रात करीब 10 बजे देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित आवास से हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए चमोली ले आई।

 

 

SIT की टीम ने बद्रीनाथ थाने में प्रमोद नौटियाल के साथ मंदिर समिति के चार कर्मचारियों से भी पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले में BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की कोई भूमिका है, तो उन्होंने इससे इनकार किया।

 

 

CCTV फुटेज में कैद हुई कथित हेराफेरी

जांच के दौरान पुलिस ने 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की CCTV फुटेज खंगाली। पुलिस का दावा है कि फुटेज में प्रमोद नौटियाल कई बार मोबाइल के नीचे और जेब में मंदिर की धनराशि तथा अन्य भेंट सामग्री ले जाते दिखाई दिए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, उनके कब्जे में ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट ले जाने के भी संकेत मिले हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड-(दुःखद) यहां स्टेट हाईवे पर मृत पड़ी भैंस से टकराकर भाजपा नेता की दर्दनाक मौत।

 

 

2 जुलाई की घटना से खुला पूरा मामला

पूरा मामला 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के दौरान सामने आया। सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच गणना कक्ष से नियमों के विपरीत धनराशि हटाने की सूचना मिली। CCTV फुटेज में प्रमोद नौटियाल मोबाइल के नीचे नोटों जैसी गड्डी दबाकर ले जाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद BKTC ने विभागीय जांच शुरू की और बाद में FIR दर्ज कराई।

 

 

जांच समिति की रिपोर्ट के बाद निलंबन

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रमोद नौटियाल के खिलाफ प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने की पुष्टि की। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर 48 घंटे में जवाब देने का नोटिस जारी किया गया। प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की शिकायत पर बद्रीनाथ कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज किया गया।

 

 

प्रमोद नौटियाल का दावा- ‘नोट नहीं, नोटबुक थी’

प्रमोद नौटियाल ने विभागीय जांच में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि CCTV में मोबाइल के नीचे जो वस्तु दिखाई दे रही है, वह नोटों की गड्डी नहीं बल्कि उनकी नोटबुक थी। हालांकि, घटना के बाद उनका मोबाइल बंद मिला और वे जांच एजेंसियों के संपर्क में भी नहीं रहे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- रेलवे सुरंग निर्माण के दौरान कर्मचारी की मौत, सात अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज

 

परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका

गिरफ्तारी के बाद शुरुआत में परिजनों ने देहरादून की नेहरू कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत देकर अपहरण की आशंका जताई थी। बाद में चमोली पुलिस ने पुष्टि की कि प्रमोद नौटियाल को SIT ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

 

 

SIT पूछेगी ये 10 अहम सवाल

SIT प्रमोद नौटियाल से CCTV फुटेज, कथित नकदी ले जाने, गणना कक्ष की जिम्मेदारी, मोबाइल बंद रखने, जांच से दूरी बनाने और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका को लेकर 10 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब तलाश रही है।

 

 

32 CCTV कैमरों की 40 दिन की रिकॉर्डिंग होगी जांच

पुलिस अब मंदिर परिसर में लगे 32 CCTV कैमरों की करीब 40 दिनों की रिकॉर्डिंग की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पहले भी इस तरह की कोई अनियमितता हुई थी या नहीं। मामले में कई कर्मचारियों और चढ़ावा गणना में शामिल साधु-संतों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।

 

 

चढ़ावा गणना की व्यवस्था में बड़ा बदलाव

मामले के बाद BKTC ने चढ़ावा गणना की पूरी व्यवस्था बदल दी है। अब गणना करने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाली ड्रेस पहननी होगी, निजी सामान ले जाने पर रोक रहेगी, CCTV कैमरों की संख्या बढ़ा दी गई है, गणना के दौरान कम से कम पांच कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी और प्रवेश से पहले सभी की तलाशी ली जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  माँ बीज मंत्र से दूर होते हैं सभी दुख: मनोज कृष्ण जोशी

 

 

 

हाईकोर्ट में 16 जुलाई को सुनवाई

FIR दर्ज होने के बाद प्रमोद नौटियाल ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामले में 16 जुलाई को सुनवाई प्रस्तावित है। कोर्ट ने BKTC से भी मामले में अपना पक्ष रखने को कहा है।

 

 

 

CM धामी ने गठित की हाई लेवल जांच समिति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, भैरव सेना ने मामले में BKTC अध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच जारी है।

 

 

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।