बागेश्वर: सरयू नदी में बहे मासूम का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, ड्रोन से तलाश जारी, परिवार की उम्मीदें बरकरार

बागेश्वर जिले के कपकोट में सरयू नदी में बह गए मासूम राकेश सिंह का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने मंगलवार को सुबह से देर शाम तक नदी में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल पाया। लगातार हो रही बारिश और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को मासूम राकेश सिंह अपनी मां के साथ कपकोट स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। इसी दौरान सरयू नदी से पानी भरते समय उसका पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर शाम तक तलाश अभियान चलाया।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया गया। पुलिस की तीन टीमों ने घटनास्थल से लेकर असों क्षेत्र तक नदी किनारे सर्च अभियान चलाया। वहीं, ड्रोन कैमरे की मदद से नदी और आसपास के इलाकों की भी निगरानी की गई, लेकिन देर शाम तक मासूम का कोई पता नहीं चल सका।
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार शाम लाहूर गांव से कपकोट पहुंचे बच्चे के दादा अपनी बहू कमला को साथ लेकर वापस गांव लौट गए, जबकि महानगर में कार्यरत उसके पिता भी छुट्टी लेकर घर पहुंच गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में बच्चे की सलामती के लिए लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मासूम की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। नदी का तेज बहाव और बारिश अभियान में बाधा बन रहे हैं, फिर भी टीमें पूरी सतर्कता के साथ तलाश में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।








