उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी में चेन स्नैचिंग का खुलासा: महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने वाला शातिर गिरफ्तार, दो पेंडल बरामद

हल्द्वानी न्यूज़- थाना मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की सिलसिलेवार घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

 

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
5 फरवरी 2026 को श्रीमती बीना पाठक निवासी ऊँचापुल मुखानी ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 फरवरी को दो अज्ञात युवक उनकी दुकान पर सामान खरीदने के बहाने आए और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 09/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) धामी मंत्रिमंडल की बैठक हुई समाप्त, इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगी मोहर

 

इसी तरह 30 जनवरी 2026 को देवभूमि सैनिक कॉलोनी निवासी श्रीमती कमला देवी के साथ भी पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र झपट लिया गया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 10/26 धारा 304(2) बीएनएस पंजीकृत हुई।

 

6 फरवरी 2026 को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में श्रीमती विजलक्ष्मी के साथ भी इसी तरह की घटना हुई, जिस पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 35/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

सीसीटीवी और चेकिंग से मिली सफलता
घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को तत्काल खुलासा करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

 

सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान HR 29 AF 2325 नंबर की मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ गंगा में नहा रहे दो युवक डूबे, एक की मौत, दूसरे को खोजने के लिए एसडीआरएफ चला रही रेस्क्यू अभियान

 

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी (36) पुत्र नंदराम निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिल फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी रॉकी पुत्र प्रतीक सरदाना के नाम दर्ज है।

 

पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 30 जनवरी और 4 फरवरी को मुखानी क्षेत्र तथा 6 फरवरी को रामनगर में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटे थे। वह दोबारा वारदात को अंजाम देने हल्द्वानी आ रहा था, तभी पुलिस चेकिंग में पकड़ लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) राज्य में इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज

 

आपराधिक इतिहास
आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा रामपुर (उत्तर प्रदेश) में हत्या, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित पांच अन्य मामले दर्ज हैं। विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी रामपुर पुलिस से जुटाई जा रही है।

 

पुलिस का संदेश
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चंद्र जोशी, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर जगदीप नेगी सहित एसओजी और सीसीटीवी टीम के कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।