हल्द्वानी मंडी इलाके में सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मची सनसनी

हल्द्वानी न्यूज़– कोतवाली क्षेत्र के मंडी इलाके में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव को देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। साथ ही घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि व्यक्ति की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।








