उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री का निधन, उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड की राजनीति के सख्त, ईमानदार और अनुशासित चेहरों में शुमार पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेनि) भुवन चंद्र खंडूड़ी का मंगलवार को निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे खंडूड़ी ने देहरादून के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है और इसे राज्य की राजनीति में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।

 

राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। साथ ही बुधवार को सभी सरकारी कार्यालय बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को हरिद्वार में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  गौधाम हल्दूचौड़ परमा में भागवत कथा का दिव्य आयोजन

 

एक अक्टूबर 1934 को देहरादून में जन्मे मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी ने भारतीय सेना के इंजीनियरिंग कोर में लंबी और गौरवपूर्ण सेवा दी। अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और सेवाभाव के लिए उन्हें वर्ष 1982 में ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ से सम्मानित किया गया था। सेना से मेजर जनरल के पद पर सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ इंस्टाग्राम में ' माँ में जा रहा हूँ, परिवार का ख्याल रखना' पोस्ट कर युवक ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

 

वर्ष 1991 में वह पहली बार गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद उन्होंने कई बार संसद में उत्तराखंड और पहाड़ के मुद्दों को मजबूती से उठाया। भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख पहाड़ी नेताओं में उनकी अलग पहचान रही।

 

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्हें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके कार्यकाल को देश में सड़क विकास परियोजनाओं और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना को गति देने के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- जिले में तहसीलदारों के तबादलो के बाद उप जिलाधिकारियों के हुए ट्रांसफर, देखें लिस्ट

 

 

दूरस्थ गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने में उनकी दूरदृष्टि और प्रशासनिक सख्ती का बड़ा योगदान माना जाता है। उत्तराखंड में भी उन्होंने पारदर्शी और अनुशासित शासन की छवि कायम की। राजनीतिक जीवन में उनकी ईमानदारी और सादगी को लेकर लोग आज भी उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं।

 

खंडूड़ी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और हजारों लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।