पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के निधन से उत्तराखंड में शोक की लहर, राष्ट्रपति-पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी का मंगलवार को देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड समेत राजनीतिक और सैन्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, ईमानदार छवि और सुशासन के लिए जाने जाते थे। भारतीय सेना में शानदार सेवा देने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और उत्तराखंड के विकास में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बीसी खंडूड़ी ने सेना और सार्वजनिक जीवन दोनों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि देश और उत्तराखंड के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव याद रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने सशस्त्र बलों से लेकर राजनीति तक हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में खंडूड़ी ने विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लगातार कार्य किया।
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि खंडूड़ी का योगदान प्रदेश में सुशासन और सैनिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने में हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बीसी खंडूड़ी ने अपने सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता, अनुशासन और ईमानदार कार्यशैली की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि उनका निधन उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
बीसी खंडूड़ी के निधन के बाद राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और उनके समर्थकों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।








