लालकुआं में हाईवे पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत ने चलाया अभियान

लालकुआं न्यूज़- शहर में हाईवे किनारे सड़क पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नगर पंचायत ने सख्त रुख अपना लिया है। सड़क के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत ने अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वार्ड नंबर-1 में साप्ताहिक हाट बाजार के आसपास व्यापारियों को अतिक्रमण ना करने को कहा गया है।
नगर पंचायत की टीम ने आज सड़क किनारे अभियान चलाकर व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों के शटर से आगे सामान फैलाकर सड़क पर अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने चेताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यापारियों के चालान काटने के साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
लालकुआं में हाईवे किनारे कुछ व्यापारियों द्वारा सड़क के बड़े हिस्से तक सामान फैलाने और अतिक्रमण करने से पैदल चलने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह कम होने के कारण राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसी समस्या को देखते हुए नगर पंचायत ने अब अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करने वाले कुछ व्यापारियों के कारण नगर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे हाईवे और सड़क को घेरने का प्रयास न करें तथा निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना कारोबार संचालित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा तो नगर पंचायत की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत की इस कार्रवाई से साफ है कि अब हाईवे किनारे अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को राहत मिलने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज हो सकती है।










