लालकुआं: SKM कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, बच्चों ने धारण किए मां दुर्गा और भगवान श्रीराम के स्वरूप

कन्या पूजन कर दिया नारी शक्ति के सम्मान का संदेश, भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने के लिए प्रेरित हुए विद्यार्थी
लालकुआं न्यूज़- SKM कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवरात्रि स्पेशल थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आस्था की सुंदर झलक पेश की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, रावण और हनुमान जी के रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के को-एमडी धवल पाठक और प्रधानाचार्य भावना जोशी ने विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया। कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान नारी शक्ति के महत्व और समाज में बालिकाओं के सम्मान का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय के को-एमडी धवल पाठक ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को अपनी परंपराओं, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं मीना बिष्ट, इंदु जायसवाल, निशा जोशी और पूजा जोशी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षिकाओं ने आपसी सहयोग और समर्पण के साथ बच्चों को कार्यक्रम के लिए तैयार किया और सभी गतिविधियों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहेगा।










